वीकेंड शुरू होते ही टिहरी झील पर्यटकों से गुलजार हो गई। शनिवार सुबह से ही बोटिंग के लिए सैलानी झील पहुंचने लगे थे। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से बोट संचालकों और व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। शनिवार को झील में रोमांच का सफर करने के लिए 333 पर्यटक पहुंचे।
देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, पौड़ी और रुद्रप्रयाग से बड़ी संख्या में सैलानी झील में बोटिंग का लुत्फ उठाने के लिए पहुंचे। कोविड कर्फ्यू के कारण 30 अप्रैल से 21 जून तक झील में बोटिंग गतिविधियां पूरी तरह से ठप रहीं। कोरोना संक्रमण की दर कम होने पर 22 जून से झील में बोटिंग की शुरुआत की गई। लेकिन पिछले दिनों तक औसतन प्रतिदिन 150 से लेकर 200 सैलानी ही पहुंच रहे थे। शनिवार को बोटिंग करने वाले पर्यटकों की संख्या 333 रही। सैलानियों की बढ़ती संख्या से बोट संचालक और स्थानीय व्यापारी उत्साहित हैं। श्री गंगा भागीरथी बोट यूनियन के संरक्षक कुलदीप पंवार ने बताया कि पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। इससे व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।