स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार, मरीजों को स्थानीय स्तर पर मिलेगा इलाज
नई टिहरी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 21 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति कर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का बड़ा कदम उठाया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों को जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल और विभिन्न सीएचसी में नियुक्त किया गया है। अब निश्चित ही मरीजों को स्थानीय स्तर पर सही उपचार मिल सकेगा।
सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। अब मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हो सकेंगी जिससे मरीजों को उपचार के लिए अब ऋषिकेश-देहरादून का रुख नहीं करना पड़ेगा। मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
सीएमओ ने बताया कि चिकित्सकों की तैनाती विभिन्न चिकित्सालयों में की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में नियुक्त डॉ. अक्षत कुमार थापा डॉ. अचिंतन गर्ग, डॉ. रजत कुमार सैनी, डॉ नीतीश कुमार और डॉ. महेंद्र सिंह को जिला चिकित्सालय बौराड़ी में नियुक्त किया गया है। डॉ. संगीता शर्मा, डॉ. हरेंद्र कुमार प्रसाद, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. राजीव कुमार और डॉ. गोविंद पुजारी को उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में तैनाती किया गया है।
इसी प्रकार डॉ. प्रदीप उनियाल और डॉ. शशिबाला को सीएमओ कार्यालय में नियुक्त किया गया है। जबकि डॉ. राहुल लाल सीएचसी छाम (कंडीसौड़), डॉ. रितिका भट्ट सीएचसी हिंडोलाखाल, डॉ. नितेश कुमार और डॉ. मनीषा कटियार सीएचसी कीर्तिनगर, डॉ. रुखसार परवीन और डॉ. गरिमा पंत सीएचसी बेलेश्वर में, डॉ. शशांक शेखर और डॉ. राजन अरोड़ा सीएचसी थत्यूड़, डॉ. अमलेश कुमार सिंह को सीएचसी मदननेगी में तैनात किया गया है। सभी चिकित्सकों को जल्द ही कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है।