फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: बेसिक शिक्षा में जुगाड़ का राज, एक प्रधानाचार्य के पास चार प्रभार, प्रभारियों के भरोसे व्यवस्था

Wed, 21 Oct 2026 02:21 PM IST
Renu Saklani गंगादत्त थपलियाल, संवाद न्यूज एजेंसी, टिहरी

सार

टिहरी जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की व्यवस्था अधिकारियों की कमी के बीच संचालित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि एक प्रधानाचार्य को अपने विद्यालय की जिम्मेदारी के साथ तीन अन्य महत्वपूर्ण पदों का प्रभार भी संभालना पड़ रहा है। जिले के कई विकासखंडों में शिक्षा अधिकारियों के पद रिक्त होने से विभागीय कामकाज पर सवाल उठ रहे हैं।
विज्ञापन
शिक्षक - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टिहरी जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की व्यवस्थाएं इन दिनों जुगाड़ के सहारे चल रही हैं। जिले में एक प्रधानाचार्य अपने विद्यालय की जिम्मेदारी निभाने के साथ जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक, खंड शिक्षा अधिकारी और उपखंड शिक्षा अधिकारी चंबा का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं।

विज्ञापन


अधिकारियों की कमी से जूझ रहे विभाग में महत्वपूर्ण पद रिक्त होने से शिक्षकों की निगरानी और विभागीय कामकाज के प्रभावी संचालन पर कई सवाल उठ रहे हैं।टिहरी जिले में करीब 1200 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इनमें लगभग 3000 शिक्षक तैनात हैं और करीब 22 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।

नौ विकासखंडों वाले टिहरी जिले में शिक्षा अधिकारियों के कई पद लंबे समय से रिक्त हैं। नरेंद्रनगर, देवप्रयाग, कीर्तिनगर, चंबा और जौनपुर में उपखंड शिक्षा अधिकारी के पद रिक्त चल रहे हैं। वहीं, चंबा, प्रतापनगर, भिलंगना, कीर्तिनगर और थौलधार में खंड शिक्षा अधिकारी के पद भी खाली हैं। बेसिक शिक्षा विभाग का कामकाज प्रभारी अधिकारियों के सहारे चल रहा है।

करीब छह माह से जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक का दायित्व संभाल रहीं प्रतापनगर की खंड शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान की पदोन्नति के बाद एक सप्ताह पहले देहरादून जिले में तैनाती हो गई। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज खंडकरी के प्रधानाचार्य तस्लीम कुरैशी को जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कुरैशी पिछले आठ माह से खंड शिक्षा अधिकारी और उपखंड शिक्षा अधिकारी चंबा का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। अब उनके पास प्रधानाचार्य के मूल दायित्व के साथ तीन महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी है।

विज्ञापन


ये भी पढे़ं...हरिद्वार: 18 दिन गंगा स्नान पर ब्रेक, हरकी पैड़ी पर नहीं आएगा पानी, दिल्ली-एनसीआर तक दिखेगा असर, जानें वजह

राजकीय इंटर कॉलेज खंडकरी जिला मुख्यालय नई टिहरी से करीब 25 किलोमीटर दूर है, जबकि चंबा स्थित दोनों शिक्षा अधिकारी कार्यालय जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर हैं। ऐसे में एक ही अधिकारी के लिए विद्यालय, ब्लॉक और जिला स्तर की जिम्मेदारियां निभाना आसान नहीं है। 

इनका क्या है कहना

नए उपखंड शिक्षा अधिकारियों की जल्द तैनाती होने जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक का पद रिक्त होने के संबंध में शासन स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। जल्द तैनाती होने की उम्मीद है। - कुंवर सिंह रावत, निदेशक बेसिक शिक्षा देहरादून

विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें