कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रतापनगर ब्लॉक मुख्यालय से 60 किमी दूर हलेथ गांव पहुंचकर 212 लोगों का टीकाकरण कर वैक्सीनेशन किया। गांव के लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय भी बताए। हलेथ गांव के लोगों ने विधायक विजय सिंह पंवार से टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में भेजने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना था कि टीकाकरण के लिए यदि वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड आते हैं, तो उन्हें 300 रुपये वाहन का किराया खर्च करना पड़ेगा। गांव से अस्पताल की दूरी 60 किमी होने के कारण उन्हें एक पूरा दिन टीकाकरण के लिए देना पड़ेगा। प्रतापनगर स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी डा. कुलभूषण त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सीएचसी चौंड से कर्मियों की टीम को हलेथ गांव भेजा गया, जहां टीम ने घर-घर जाकर 212 लोगों का टीकाकरण किया है। संवाद