टिहरी झील को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने की लिए प्रस्तावित रिंग रोड का सर्वे कार्य अंतिम चरण में है। लोनिवि 234 किमी लंबी रिंग रोड का सर्वे कार्य एक माह के अंदर पूरा कर डीपीआर शासन को भेज देगा। लोनिवि अब तक 80 किमी सड़क का सर्वे कर चुका है। झील के चारों तरफ 24 मीटर चौड़ी रिंग रोड प्रस्तावित है।
सरकार ने 2018-19 में टिहरी झील को पर्यटकों की पहली पसंद बनाने के लिए इसके चारों ओर रिंग रोड बनाने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी थी। लोनिवि को सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली भूमि का सर्वे, मुआवजा, बिजली, पानी की लाइन से लेकर अन्य जरूरी जानकारी जुटाकर रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।
पूर्व में लोनिवि ने प्रारंभिक चरण का सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेजी थी जिस पर शासन में कई दौर की बैठकें हो चुकी है। करीब छह माह पहले शासन ने लोनिवि को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। वर्तमान में लोनिवि ने कंसलटेंस के माध्यम से 234 किमी लंबी रिंग रोड का सर्वे चल रहा है। करीब 80 किमी का सर्वे पूरा हो चुका है। अवशेष सर्वे भी एक माह के अंदर पूरा कर दिया जाएगा।
रिंग रोड में टिहरी डैम होते हुए टिपरी से चाह गडोलिया, पिलखी, घनसाली, सेंदुल से पिपोला घोंटी पुल होते हुए म्यूड़ा, पिपलडाली, सांदणा, रौलाकोट, डोबरा, मोटणा, मदननेगी, चौंदार, स्यांसू से मणीदेवीधार, नकोट, स्यांसू से डोबरा, जाख से कोटी काॅलोनी से टिहरी डैम तक पूर्व में बनी करीब 190 किमी सड़क का विस्तारीकरण किया जाएगा। झील से सटे क्षेत्र में 44 किमी लंबी नई सड़क प्रस्तावित की गई है।
यह है रिंग रोड का स्वरूप
रिंग रोड की कुल चौड़ाई 24 किमी प्रस्तावित है जिसमें सात-सात मीटर डबल लेन, एक किनारे 150 मीटर का पैदल फुटपाथ, 150 मीटर का साइकिल ट्रैक, सड़क के बीच में सात मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट शामिल है।
रिंग रोड पर बनेंगे आठ पुल
रिंग रोड पर आठ पुल बनने प्रस्तावित है जिसमें घनसाली, सेंदुल, जलकुर, भौंगा में 36-36 स्पान के पुल प्रस्तावित किए गए हैं। इसके साथ ही पार्किंग, योगा पार्क, होटल, ढाबे, व्यू प्वाइंट, शौचालय, पेट्रोल पंप भी विकसित किए जाने हैं।
झील के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड का सर्वे कार्य चल रहा है। 234 किमी लंबी और 24 किमी चौड़ी रिंग रोड सर्वे कार्य एक माह में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक 80 किमी का सर्वे किया जा चुका है।
-योगेश कुमार, ईई, लोनिवि प्रांतीय खंड बौराड़ी/नोडल अधिकारी रिंग रोड।