सिद्धपीठ सुरकंडा मंदिर की जमीन को पुलिस विभाग के कब्जे से मुक्त करने की मांग को लेकर मंदिर समिति से जुड़े लोगों ने धरना शुरू कर दिया। साथ ही एक सप्ताह के भीतर भूमि से कब्जा नहीं हटाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को सुरकंडा मंदिर से जुड़े पुजाल्डी, जड़धार गांव के लोग सुरकंडा मंदिर परिसर पहुंचे। मंदिर की भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। पर्यावरणविद् विजय जड़धारी का कहना है कि सरकार सुरकंडा देवी मंदिर और यहां की जनता के साथ अन्याय कर रही है। पुलिस विभाग ने सबसे पहले मंदिर समिति की गतिविधियों के उपयोग में आने वाली जमीन को वन विभाग से अपने नाम लीज पर आवंटित करवाया और अब उक्त भूमि का सीमांकन भी कर दिया है।
धरना देने वालों में मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, प्रबंधक विनोद जड़धारी, रामकृष्ण डबराल, बीडीसी सुखपाल जड़धारी, ग्राम प्रधान प्रवीण लेखवार, मनवीर सिंह, जीत सिंह, विनोद सिंह शामिल रहे। इस बाबत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि सुरकंडा में 1996 में पुलिस विभाग को सरकार से भूमि आवंटित हुई थी। भूमि पर तारबाढ़ करने के लिए बजट कुछ समय पूर्व मिला है। इसलिए पुलिस अपनी भूमि पर तारबाढ़ कर रही है।