लंबगांव (टिहरी)। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव में इंस्पायर अवार्ड मानक 2026-27 और राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की विकासखंड स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई।
इंस्पायर अवार्ड के विकासखंड समन्वयक हेमंत जगूड़ी ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2026-27 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत विद्यार्थी अपने आसपास की समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान तलाशकर मौलिक विचार पर आधारित परियोजना तैयार करते हैं। चयनित विद्यार्थी को परियोजना तैयार करने के लिए विद्यालय स्तर पर 10 हजार रुपये की धनराशि दी जाती है। उन्होंने पोर्टल पर विद्यार्थियों के नामांकन और परियोजना संबंधी पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सभी विद्यालयों में 15 सितंबर तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को कहा।
मनोज सिंह कनवाल ने परियोजना निर्माण, गुणवत्तापूर्ण, वैज्ञानिक सोच पर आधारित विचारों के चयन और प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया समझाई। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के समन्वयक द्वारिका प्रसाद नौटियाल ने कार्यक्रम का उद्देश्य, नामांकन प्रक्रिया, मुख्य और उप विषयों के चयन व परियोजना निर्माण की जानकारी दी। इस मौके पर प्रधानाचार्य धनराज सिंह, प्रमोद बिजल्वाण, कुलदीप चौहान, हरीश पंवार, नरेश बिजल्वाण, मनोज सैनी आदि मौजूद रहे। संवाद