एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि की ओर से की गई फीस वृद्धि के मामले में बालगंगा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। फीस वृद्धि का फैसला वापस लेने की मांग को लेकर बुधवार को दूसरे दिन भी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार कर विवि प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मांग पर जल्द कार्रवाई न होने पर महाविद्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
बालगंगा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का कहना है कि गढ़वाल विवि प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना के अचानक फीस वृद्धि की है। 1300 रुपये प्रति सेमेस्टर शुल्क बढ़ने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। फीस वृद्धि के विरोध में बुधवार को दूसरे दिन भी छात्र-छात्राओं ने सुबह 11 बजे सभी कक्षाएं बंद कराकर विवि प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए विवि प्रशासन से तत्काल प्रभाव से शुल्क वृद्धि का फैसला लेने की मांग की।
प्राचार्य के माध्यम से छात्रों ने विवि कुलपति को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया है कि महाविद्यालय में अध्ययनरत अधिकांश छात्र-छात्राएं ऐसे हैं, जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। फीस बढ़ने के कारण छात्रों को उच्च शिक्षा से वंचित रहना पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों छात्रसंघ अध्यक्ष अंजली चौहान, महासचिव नरेंद्र सिंह रावत, विवि प्रतिनिधि पूजा बिष्ट, राखी, आरती, नीलम, राखी, अनिता, कौशल्या व सिमरन खंडूड़ी आदि शामिल रहे।