नई टिहरी। प्रदेश प्रधान संगठन का चुनाव 26 जुलाई को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में होगा। हरिद्वार को छोड़कर सभी 12 जिलों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे। टिहरी और चंपावत जिले में प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष का चुनाव शुक्रवार (आज) होगा। प्रदेश प्रधान संगठन के चुनाव की तिथि घोषित होते ही संगठन का प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई।
प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष प्रताप रावत और ऊधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष भाष्कर संभल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रदेश प्रधान चुनाव 26 जुलाई को प्रात: 10 बजे से गैरसैंण में होगा। प्रधान संगठन के सभी जिलाध्यक्षों से गैरसैंण पहुंचने के लिए वार्ता हो चुकी है। प्रधान संगठन का गठन होने के उपरांत गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का संकल्प पारित कर सरकार को मांग पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने पंचायत राज एक्ट जल्द लागू करने की मांग की है। इस मौके पर अल्मोड़ा प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र गैलाकोटी, बागेश्वर भुवन एटानी, नैनीताल मनोहर आर्य, रविंद्र राणा, बृजपाल सिंह रजवार, महेश नौटियाल आदि उपस्थित रहे।