नई टिहरी। उत्तराखंड का 26वां स्थापना दिवस टिहरी जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय, डीएम नितिका खंडेलवाल ने किया। विधायक उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। वर्ष 2000 में राज्य का बजट महज 4500 करोड़ रुपये था जो अब बढ़कर करीब 1.19 लाख करोड़ हो गया है।
डीएम नितिका ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से उत्तराखंड राज्य मिला है। इसे विकास और प्रगति के पथ पर आगे ले जाना हम सभी का दायित्व है। समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टाल भी लगाए गए।
इस मौके पर दायित्वधारी जोत बिष्ट, खेम सिंह चौहान, अब्बल सिंह बिष्ट, अतर सिंह तोमर, प्रवीन भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, महामंत्री बलवंत रावत, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल मौजूद रहे।
कुछ आंदोलनकारियों ने किया समारोह का बहिष्कार
नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण का शासनादेश जारी नहीं होने से नाराज राज्य आंदोलनकारियों ने स्थापना दिवस समारोह का बहिष्कार किया। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व में कई आंदोलनकारियों ने कार्यक्रम में सम्मान नहीं लिया। आंदोलनकारियों ने कहा कि नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की तीन बार मुख्यमंत्री और एक बार केंद्रीय मंत्री घोषणा कर चुके हैं, लेकिन अब तक शासनादेश जारी नहीं हुआ है। इस मौके पर देवेंद्र नौडियाल, मुशर्रफ अली, नवीन सेमवाल, राहुल बुटोला आदि मौजूद रहे। संवाद
राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष को किया याद
घनसाली (टिहरी)। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर तहसील सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य आंदोलन के नायक स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से किया गया। एसडीएम मंजू राजपूत, तहसीलदार हरीश जोशी ने राज्य आंदोलनकारी ओमप्रकाश डंगवाल, लोकेंद्र दत्त जोशी, हुकम सिंह कंडारी, पुरुषोत्तम बिष्ट, अब्बल सिंह रावत, रजनीकांत सुरीरा, सुरेश गिरी, गोविंद प्रसाद बडोनी, रणवीर सिंह नेगी, नरेंद्र डंगवाल, देवी प्रसाद सेमवाल, चक्रपाणि श्रीयाल, सुलोचना देवी सहित अन्य आंदोलनकारियों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को याद किया गया। संवाद
तहसील और नगर पंचायत की ओर से आयोजित किया गया समारोह
लंबगांव (टिहरी)। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर लंबगांव में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में दो स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव में आयोजित समारोह में तहसीलदार प्रदीप कंडारी ने प्रतापनगर विकासखंड के राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। वहीं नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। इस मौके पर राज्य आंदोलनकारी संगठन के संरक्षक मुरारी लाल खंडवाल, राम भरोसे राणा, कुंवर सिंह पंवार, सब्बल सिंह राणा, राकेश आदि मौजूद रहे। संवाद
राज्य निर्माण की मूल परिकल्पना अधूरी : रणकोटी
नरेंद्रनगर (टिहरी)। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर तहसील प्रशासन की ओर से राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। तहसीलदार विनोद तिवाड़ी ने आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी मनोज द्विवेदी ने की। इस दौरान राज्य आंदोलनकारी गुरु प्रसाद रणकोटी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण युवा शक्ति, मातृशक्ति, बुजुर्गों और कर्मचारियों के लंबे संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। इस मौके पर राजेंद्र सिंह रावत, भरत सिंह रावत, राजपाल पुंडीर, प्रदीप बुटोला, अशोक क्रेजी, सरोज कोठारी, शिवानंद कुड़ियाल, गुरु प्रसाद ममगाई, मुकेश भट्ट, प्रेम सिंह रावत, हुकम भंडारी, दिनेश पालीवाल, मस्तराम डोभाल आदि मौजूद रहे। संवाद
अगले साल बड़े स्तर पर होगा आंदोलनकारियों का सम्मान: पंवार
थत्यूड़ (टिहरी)। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ब्लॉक सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम अंशुल भट्ट और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने आंदोलनकारियों को शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया। ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने कहा कि अगले वर्ष से जौनपुर विकासखंड क्षेत्र के राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर लोक कलाकार हीरामणि गौड़ ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर बीडीओ राकेश बिष्ट, तहसीलदार मोहम्मद सद्दाब, महिपाल सिंह रावत, खेमराज भट्ट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य सबिता देवी, जयेंद्र बिजल्वाण, महावीर सजवाण, सोमवारी लाल नौटियाल, रतनमणि भट्ट, अकबीर पंवार, सुमेरचंद पंवार, जयपाल करैवाण, डीपी चमोली आदि मौजूद रहे। संवाद