नई टिहरी। पुलिस लाइन चंबा में एसएसपी श्वेता चौबे की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई जिसमें एसएसपी ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कांवड़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 57 पुलिस कार्मिकों को पुरस्कृत किया।
सत्यापन अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने वाले थाना प्रभारियों के प्रति एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जताई। थाना प्रभारियों को संदिग्ध लोगों पर नजर रखने, सत्यापन अभियान तेज करने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्त बढ़ाने, नशे की तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाने, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेकर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। गोष्ठी में एएसपी दीपक सिंह, सीओ चंद्रमोहन सिंह, सुरेंद्र सिंह भंडारी, महेशचंद्र लखेड़ा आदि मौजूद थे। संवाद