नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का सेमेस्टर परीक्षा का रिजल्ट जानने के लिए अब 20 मार्च तक इंतजार करना होगा। समय पर सेमेस्टर परीक्षा संपन्न कराने के बाद अब रिजल्ट घोषित करने में विवि पिछड़ता जा रहा है। इसका मुख्य कारण दो मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य बहुत धीमी गति से चलना बताया जा रहा है।
श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध गढ़वाल मंडल के 52 राजकीय महाविद्यालयों और लगभग 103 स्ववित्त पोषित कॉलेजों के बीए, बीएससी, बीकॉम सेमेस्टर परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित नहीं हो पाया है। भले ही विवि प्रशासन ने एमए, एमएससी कुछ विषयों का रिजल्ट का तय समय पर जारी कर दिया है, लेकिन एमए और एमएससी में भी जिन विषयों में परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या अधिक है उनका रिजल्ट तैयार नहीं हो पाया है।
विवि की स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षा बीते 13 जनवरी को संपन्न हो चुकी थी। परीक्षा के दौरान विवि के अधिकारियाें ने एक माह के अंतर्गत सभी कक्षाओं का रिजल्ट जारी का डंका पीट रहे थे, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी सेमेस्टर का रिजल्ट घोषित नहीं हो पाया है।
स्नातक में प्रथम और तृतीय सेमेस्टर, स्नातकोत्तर पंचम सेमेस्टर के छात्रों का रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है। समय पर रिजल्ट जारी करने के लिए विवि ने इस बार गढ़वाल मंडल के अलग-अलग जिलों में 13 मूल्यांकन केंद्र भी बनाए हैं, जिसमें से दो केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का कार्य समय पर नहीं होने से रिजल्ट जारी करने में विवि लगातार पिछड़ता जा रहा है, जिसका खामियाजा सीधे तौर पर छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
20 मार्च तक विवि तक विवि ने सभी कक्षाओं का रिजल्ट जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। महाविद्यालयों में कुछ दिनों पहले शीतकालीन अवकाश के कारण रिजल्ट जारी करने में विलंब हुआ है। अब मूल्यांकन का कार्य अंतिम चरण में है।
-प्रो.सीएस नेगी, परीक्षा नियंत्रक श्रीदेव सुमन विवि