अक्तूबर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं
नई टिहरी, हरिद्वार और देहरादून जिले में होगी अंतर महाविद्यालय की प्रतियोगिताएं
नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए सत्र का वार्षिक खेल कैलेंडर जारी कर दिया है। खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए गढ़वाल मंडल के विभिन्न महाविद्यालयों में अंतर महाविद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विवि के कुलपति प्रो. एसके महाजन ने सभी महाविद्यालयों को प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं।
विवि के क्रीड़ा परिषद के सह सचिव एवं उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. हेमंत बिष्ट ने बताया कि शतरंज महिला-पुरुष प्रतियोगिता ओआईएमटी संस्थान ढालवाला में छह से सात अक्तूबर, वॉलीबाल महिला-पुरुष राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता देहरादून में 9 से 11 अक्तूबर, टेबल टेनिस महिला-पुरुष राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में 16 से 17 अक्तूबर और एथलेटिक्स महिला-पुरुष एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस हरिद्वार में 30 से 31 अक्तूबर तक होगी।
क्रिकेट पुरुष प्रतियोगिता आईटीएम कॉलेज देहरादून में तीन से सात नवंबर, बैडमिंटन महिला-पुरुष ओआईएमटी संस्थान ढालवाला में 13 से 14 नवंबर तथा खो-खो महिला-पुरुष प्रतियोगिता एसएमजेएन हरिद्वार में चार से पांच दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से निर्धारित अंतिम तिथि से पहले संबंधित प्राध्यापकों के पास नाम दर्ज कराने की अपील की है। आयोजक महाविद्यालयों को तय कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए है।