टीएचडीसी में 10 मार्च तक मनाया जाएगा सुरक्षा सप्ताह
0ई टिहरी। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड भागीरथीपुरम में चार से 10 मार्च तक 55वां राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया है। इसकी थीम सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को जोड़ें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं रखी गई है। बताया गया कि छोटी सावधानियां भी बड़े हादसों को रोक सकती हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के उद्घाटन अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (टीसी) एमके सिंह ने सुरक्षा ध्वज का झंडारोहण किया। उन्होंने सभी कार्मिकों को सुरक्षा सप्ताह की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी कार्मिकाें को सुरक्षा बैच वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह सप्ताह हमें अपने कार्यस्थल और दैनिक जीवन में सुरक्षा के महत्व को समझने और उसे अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
इस वर्ष का विषय सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को जोड़ें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं, हमें यह संदेश देता है कि सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी संस्थान की प्रगति तभी संभव है जब वहां कार्य करने वाला प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के तहत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निबंध और नारा लेखन प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत अग्नि सुरक्षा से कार्यस्थलों पर बचाव एवं नियंत्रण विषयक प्रशिक्षण आदि का आयोजन भी किया जाएगा।
इस मौके पर अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) बीडी सेमवाल, अपर महाप्रबंधक (ओएंड एम) भगत सिंह, अपर महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) आनंद बाजपेई, अपर महाप्रबंधक (नियोजन) विपिन सकलानी, अपर महाप्रबंधक संजय पंवार, उप महाप्रबंधक (एचआर) मोहन सिंह श्रीस्वाल, उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) हरीश भट्ट आदि मौजूद थे।