नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते कलाकार।
- फोटो : NEW TEHRI
सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखेरी। उन्होंने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोहा। दर्जनभर से अधिक स्कूलों से आए कलाकारों ने पांडाल में ऐसा रंग जमाया कि दर्शक झूमने को मजबूर हो गए।
श्री कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में बेड़धार इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली लोकनृत्य ‘नीलिमा वो नीलिमा’ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कर जिंदगी किराए का घर है सहित कई प्रस्तुतियां दी। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार के छात्रों ने ओ चंदा रात पड़ीगे, नरसिंह बाजो, जीआईसी नरेंद्रनगर के छात्रों ने कब्बाली, हम भारतीय हैं, माउंट कार्मेल स्कूल के छात्रों ने पंजाबी लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। जीजीआईसी नरेंद्रनगर की छात्राओं ने बाजो रे मुरली धमाधम के साथ हरियाणवी लोकनृत्य मत छेड़ सखी मेरी चुनर हो जाएगी तकरार घनी जैसे लोकनृत्यों की बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जीजीआईसी थत्यूड़ की छात्राओं ने पंजाबी भांगड़ा नृत्य जट कनयो, दमादम मस्त कलंदर कव्वाली की शानदार प्रस्तुति दी। जीजीआईसी चंबा की छात्राओं ने गढ़वाली लोकनृत्य खेलो झूमैलो नंदा राजजात पर आधारित नृत्य पेश किया। तीसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ करते हुए कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं के प्रयासों से ही पौराणिक संस्कृति का संरक्षण किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महेश गुसाईं ने किया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, बीईओ ओपी वर्मा, प्रधानाचार्य राजकुमारी प्रसाद सिंह, प्रो. संजय महर, ऋतुराज सिंह नेगी, मदन चमोली, शैलेंद्र नौटियाल मौजूद थे।
नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते छात्र-छात्राएं।- फोटो : NEW TEHRI
नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देती छात्राएं।- फोटो : NEW TEHRI
नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते कलाकार।- फोटो : NEW TEHRI