3-डी म्यूरल्स से सजेगा नई टिहरी, पहाड़ी शैली की बनाई जाएगी विभिन्न कलाकृतियां
नई टिहरी। मास्टर प्लान के तहत बसाई गई नई टिहरी का श्रीदेव सुमन पार्क, माल रोड और हनुमान चौक जल्द ही नए लुक में नजर आएगा। इन स्थानों पर 3-डी म्यूरल्स की मदद से पहाड़ी शैली की विभिन्न कलाकृतियां बनाई जाएगी। श्रीदेव सुमन पार्क में जिला विकास प्राधिकरण ने सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। आगामी दिसंबर तक कार्य पूरा करने लक्ष्य तय किया गया है।
श्रीदेव सुमन पार्क में ओपन जिम, श्रीदेव सुमन की मूर्ति, सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। नई टिहरी के 500 मीटर क्षेत्र में लाइट लगाई जाएगी। नगर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण करने को लेेकर जिला विकास प्राधिकरण ने कवायद शुरू कर दी है। टिहरी झील के अलावा पर्यटकों को नई टिहरी में आकर्षित करने के लिए यह कार्य किया जा रहा है।
पार्क का कायाकल्प करने लिए शासन ने एक करोड़ 84 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर काम शुरू करने के लिए 80 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है। इन दिनों कार्य जोरशोर से चल रहा है। जिला मुख्यालय नई टिहरी को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए सुंदर पार्क, कृत्रिम झील, प्रवेश द्वार बनाने आदि बनाने की मांग समय-समय पर उठती रही है।
अभी तक यहां मास्टर प्लान सिटी में पर्यटकों के आकर्षण के लिए कोई विशेष प्वाइंट नहीं होने के कारण पर्यटक यहां रुकना पसंद नहीं करते हैं जिससे यहां होटल व अन्य व्यवसाय भी गति नहीं पकड़ पा रहा है। सौंदर्यीकरण कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद जगी है कि झील के अलावा अब पर्यटक नई टिहरी का भी रुख करेंगे।
श्रीदेव सुमन पार्क और नगर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का कार्य आगामी दिसंबर तक पूरा किया जाना है। ओपन जिम, श्रीदेव सुमन की मूर्ति, सेल्फी प्वाइंट और लाइट लगाई जानी है।
-पंकज पाठक, अवर अभियंता जिला विकास प्राधिकरण नरेंद्रनगर