बनाली इंटर कॉलेज में हिंदी और अंग्रेजी विषय में शिक्षक नहीं
नई टिहरी। राजकीय इंटर कॉलेज बनाली में हाईस्कूल स्तर पर हिंदी और अंग्रेजी विषय के शिक्षक न होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। अभिभावक रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती की मांग करते आ रहे हैं लेकिन की नियुक्ति न होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश है।
बनाली ग्राम प्रधान उर्मिला देवी, अभिभावक विजेंद्र सिंह, कुशाल सिंह ने बताया विद्यालय में वर्तमान में 100 से अधिक छात्र संख्या होने के बाद भी विद्यालय में एलटी हिंदी और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषय में शिक्षक नहीं होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है जिसका सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ रहा है।
शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर अभिभावकों की ओर से शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। हर बार शिक्षकोें की नियुक्ति का कोरा आश्वासन मिलता है लेकिन शिक्षकों की तैनाती नहीं की जाती है। शौचालय की मरम्मत न होने छात्राओं और शिक्षिकाओं को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से विद्यालय में रिक्त पदों पर शिक्षकोें की नियुक्ति और जर्जर हो चुके शौचालय के नव निर्माण करने की मांग की है।
जिन विद्यालयों में स्थाई शिक्षक नहीं मिल पा रहे हैं, वहां पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। बनाली इंटर कॉलेज में खाली पड़े पदों को आगामी दिनों में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति से भर दिया जाएगा। बालिका शौचालय का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।
-वीपी सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक टिहरी।