कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर साफ-सफाई, अस्पतालों, कंटेनमेंट जोन में सैनिटाइजेशन अभियान चलाने वाले सफाई कर्मचारियों के कालोनी में एक सप्ताह से सीवर लाइन का पानी बह रहा है। कर्मचारी जिला प्रशासन और नगर पालिका से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।
जिला मुख्यालय के एम ब्लॉक में नगर पालिका के सफाई कर्मियों के लिए कालोनी आवंटित है। मास्टर प्लॉन नई टिहरी शहर का अधिकांश हिस्सा सीवरेज सिस्टम से जुड़ा है, लेकिन एम ब्लॉक सहित कई स्थानों पर तत्कालीन समय में टीएचडीसी ने सीवर लाइन नहीं बिछाई। इन स्थानों पर सोकपिट से सीवर जुड़ा है, जो आए दिन चोक होता रहता है।
सफाई कर्मचारी राजेंद्र कुमार, सतीश, मुकेश, विकास, राजन, पिंकी कुमार, राम विलास ने बताया कि पालिकाध्यक्ष और जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को भी अवगत कराया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जल संस्थान के ईई सतीश नौटियाल ने बताया कि एम ब्लॉक की सीवर लाइन जल संस्थान की देखरेख में नहीं है। योजना हैंडओवर के समय कुछ स्थान विभाग को नहीं दिए गए। इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका की है। बावजूद इसके जल संस्थान फौरी व्यवस्था के लिए वहां अपने कर्मचारी भेजकर निदान करने का प्रयास करेगा।