नई टिहरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिला मुख्यालय स्थित केंद्रीय औषधि भंडारण डिपो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संदेश के आधार पर औषधि भंडार कक्ष से छह दवाओं के सैंपल लेकर गुणवत्ता जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला देहरादून भेजे गए।
वरिष्ठ औषधि निरीक्षक चंद्र प्रकाश नेगी, औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने डीएम के निर्देश पर यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान टीम ने भंडारण व्यवस्था की जांच की। उन्होंने डिपो में कार्यरत कर्मचारियों को दवाओं के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने, किसी भी दवा की गुणवत्ता को लेकर संदेह की स्थिति में तत्काल औषधि प्रशासन को अवगत कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान टीम ने बताया कि औषधि स्टोर परिसर में वेंटिलेशन की कमी है। टीम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही स्टोर परिसर में नियमित साफ-सफाई और रखरखाव को चाक-चौबंद किया जाए। संवाद