नैनबाग (टिहरी)। एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने जौनपुर ब्लॉक के सैंजी गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गांव की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि सैंजी गांव मक्का विलेज के रूप में पहचान बना रहा है।
ग्रामीणों ने सैंजी गांव को जोड़ने वाली लिंक रोड को पक्का करने, बरसात के दौरान सड़क पर एकत्रित पानी की निकासी कराने, पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए गांव में वाटर पार्क बनाने, सड़क कटान में गई जमीन का मुआवजा और लखवाड़ बांध परियोजना प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग उठाई। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर मांगों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा है। बताया गया कि सैंजी गांव मक्का विलेज के रूप में पहचान बना रहा है।
गांव में निवासरत करीब 70 परिवार मक्का उत्पादन कर रहे हैं। ग्रामीणाें ने बताया कि गांव में एक ही स्थान पर स्थापित ओखलियां विशेष आकर्षण का केंद्र है। कनाडाई पत्नी के साथ गांव लौटे एक व्यक्ति ने गांव में ही रेस्टोरेंट खोला है। रेस्टारेंट से होने वाली आय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के संचालन पर खर्च की जाती है जिससे 10-12 सालों से गांव के 150 से अधिक बच्चे वहां निशुल्क पढ़ रहे हैं। एडीएम ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सैंजी गांव को कृषि और पर्यटन से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, कमल रावत, कुंवर सिंह चौहान आदि मौजूद थे।