रास्ता भटके विदेशी नागरिक को लाती टीम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बूढ़ा केदार क्षेत्र के जंगल में रास्ता भटके एक विदेशी नागरिक को टिहरी गढ़वाल पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद विदेशी नागरिक मेड स्थित हरे कृष्णा आश्रम में सुरक्षित मिला।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिली थी कि मेड मारवाड़ी क्षेत्र के ऊपर जंगल में एक विदेशी नागरिक रास्ता भटककर फंस गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और एसडीआरएफ को भी सूचित किया गया।
पुलिस टीम ने मेड मारवाड़ी क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पूछताछ में पता चला कि विदेशी नागरिक को कुंडाली क्षेत्र में स्थित एक छानी में एक व्यक्ति ने देखा था। इसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विदेशी नागरिक मेड स्थित हरे कृष्णा आश्रम पहुंच गया है। सूचना मिलते ही टीम आश्रम पहुंची और उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में विदेशी नागरिक ने अपना नाम ओवान निवासी रूस बताया। पूछताछ में सामने आया कि वह गंगोत्री से पैदल निकला था और रास्ता भटकते हुए बूढ़ा केदार के जंगल क्षेत्र में पहुंच गया।
प्राथमिक जांच में विदेशी नागरिक स्वस्थ और सुरक्षित पाया गया। पुलिस ने उसकी पहचान और यात्रा संबंधी दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान उसके वीजा की वैधता 19 दिसंबर 2024 को समाप्त होना पाया गया।
पुलिस द्वारा विदेशी नागरिक को थाने लाया जा रहा है। मामले में उसके दस्तावेजों और वीजा की स्थिति के संबंध में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं संबंधित प्रक्रिया की जा रही है।