देवप्रयाग क्षेत्र में बढ़ाए जाएंगे एएनपीआर कैमरे : डीएम
नई टिहरी। टिहरी जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। जनवरी से अगस्त 2025 तक जिले में 43 सड़क दुर्घटनाएं हुई थी जबकि इसी अवधि में 2026 में हादसों की संख्या बढ़कर 61 पहुंच गई। एक साल में दुर्घटनाओं में करीब 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हादसों के कारणों और रोकथाम के उपायों की समीक्षा की गई। बैठक में एसएसपी श्वेता चौबे समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जनवरी से अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में जून और अप्रैल में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं हुईं। हादसों के मुख्य कारण अंधे मोड़, वाहन चलाने में लापरवाही और चालक का ध्यान भटकना सामने आया। डीएम ने लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग और पुलिस अधिकारियों को जिले के सभी अंधे मोड़ों को चिह्नित कर उनका सर्वे करने और आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के निर्देश दिए।
देवप्रयाग क्षेत्र में अधिक सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए डीएम ने वहां एएनपीआर कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। ढलान वाले मार्गों पर तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने को भी कहा। कार्यदायी संस्था को सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई का काम अगले 15 दिनों के अंतर्गत पूरा करने को कहा। बैठक में एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, लोनिवि अधीक्षण अभियंता केएस नेगी, ईई आरके टम्टा, बीआरओ के केसी नौटियाल, एआरटीओ राजेंद्र विराटिया आदि मौजूद रहे।