घनसाली क्षेत्र के पिलखी में भिलंगना नदी से रेत का अवैध खनन होने की शिकायत पर शनिवार को राजस्व पुलिस की टीम ने मौके पर छापा मारा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही खनन करने वाले फरार हो गए। प्रशासन की टीम खाली हाथ बैरंग लौट आई।
भिलंगना नदी से पिलखी में पिछले कई दिनों से रेत का अवैध खनन हो रहा था।
घोड़े-खच्चर और छोटे वाहन वहां रातदिन खनन कर रहे थे। लोगों की शिकायत पर शनिवार को एसडीएम जगदीश लाल के नेतृत्व में टीम वहां छापेमारी के लिए पहुंची।
राजस्व पुलिस की टीम की पहुंचने की सूचना मिलने पर खनन कारोबारी वहंा से फरार हो गए। पिलखी के लोगों का आरोप है कि प्रशासन की शह पर भी यहां खनन हो रहा है।
प्रशासन की टीम आने से पहले ही कैसे भाग गए। तहसील कर्मियों ने ही खनन करने वालों तक पहले ही सूचना पहुंचा दी।
एसडीएम जगदीश लाल ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे वहां कोई नहीं था। आसपास रहने वाले लोगों से कहा कि जब भी कोई खनन करने यहां आता है उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराए।