उत्तराखंड के गांधी स्व. इंद्रमणि बडोनी की 97वीं जयंती पर उन्हें याद किया गया। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
शनिवार को बडोनी की जयंती पर अखोड़ी गांव के ताल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, ब्लाक प्रमुख बशुमती घणाता, जिला पंचायत सदस्य रघुवीर सजवाण ने बडोनी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की। जयंती पर उत्सव ग्रुप ने चक्रव्यूह का मंचन किया। अखोड़ी इंटर कालेज और हाडियाणा के छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। मंच के संयोजक रमेश उनियाल, अध्यक्ष लोकानंद डंगवाल ने अखोड़ी को जोड़ने वाली रिंग रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग की श्रेणी में रखने और लोक संस्कृति दिवस को अखिल भारतीय संस्कृति दिवस के रूप में मनाने की मांग की है। संचालन गिरीश बडोनी ने किया। इस मौके पर सचिव दर्मियान सिंह, सरोप सिंह और मेहर आदि मौजूद थे। उधर नई टिहरी में राज्य आंदोलनकारियों ने शहीद स्मारक में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
गोपेश्वर। इंद्रमणि बडोनी की जयंती पर उत्तराखंड क्रांति दल ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में दल के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि राज्य गठन के 22 साल होने के बाद भी आंदोलनकारियों के सपने अधूरे हैं। कहा कि प्रदेश में मूल निवास की अनिवार्यता और भू-कानून बनना चाहिए। इस दौरान सतेश्वर पुरोहित, महिपाल सिंह, भगत सिंह, कुंवर दानू, गोविंद नेगी, केशवानंद सती, रमेश सिंह, दिगपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
अगस्त्यमुनि। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बडोनी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल, सीआरसी त्रिलोक सिंह रावत और प्रधानाचार्या रागिनी नेगी आदि मौजूद थे।