पुनर्वास की मांग को लेकर नंदगांव, पिपोला, लुणेटा (भटकंडा), रौलाकोट, गडोली के बांध प्रभावितों का धरना 40 वें दिन भी जारी रहा। जबकि आमरण अनशन पर बैठे डूब क्षेत्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह राणा ने पुनर्वास के अधिकारियों के लिखित आश्वासन पर सातवें दिन अनशन समाप्त कर दिया है। पुनर्वास के अधिकारियों ने राणा को जूस पिलाकर अनशन तोड़ा है। अनशनकारी राणा को स्वास्थ्य उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी में भर्ती कराया गया है।
शनिवार को पुनर्वास के अधिशासी अभियंता डीके सिंह, एसडीएम सदर लक्ष्मीराज चौहान, जिला पंचायत सदस्य आनंद रावत की मध्यस्ता में प्रभावितों से वार्ता की गई। बताया गया कि 24 जून की उप मंत्री मंडलीय समिति की बैठक का कार्यवृत्त शीघ्र उपलब्ध करवाया जाएगा। जबकि पुनर्वास के लिए आईडीपीएल, पशुपालन, दूधूपानी की भूमि का तैयार किया गया है। वन विभाग की ओर से लगाई गई कुछ आपत्तियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया कि 15 दिन में आपत्तियों का निपटरा कर ऑनलाइन प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। 10 जुलाई से अनशन पर बैठे संघर्ष समिति के अध्यक्ष राणा ने सहमति व्यक्त करते हुए अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया है। जबकि प्रभावितों ने प्रस्तावित भूमि का प्रस्ताव ऑनलाइन होने तक पुनर्वास निदेशालय में धरना जारी रखने का निर्णय लिया है। इस मौके पर भटकंडा के प्रधान प्रदीप भट्ट, पिपोला विनोद चमोली, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा भट्ट, धनपाल बिष्ट, सीएस रावत आदि मौजूद थे।