गढ़वाल के कई जिलों में मंगलवार को दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। इससे जहां गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिली, वहीं बारिश से पहले चली आंधी से कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। कई जगह बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति प्रभावित हुई।
टिहरी जिले में मंगलवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। शाम करीब साढ़े चार बजे तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले एक सप्ताह से गर्मी की वजह से लोग बेहाल थे।
वहीं, श्रीनगर क्षेत्र में शाम लगभग पांच बजे बाद अचानक तेज धूप की जगह आंधी, तूफान ने ले ली। पूरी अलकनंदा घाटी में धूल उड़ने लगी। नगर पालिका सभासद कुशाल रावत ने बताया कि उफल्डा के संपर्क मार्ग पर एक स्कूटी के ऊपर आम का पेड़ गिर गया। गनीमत यह रही कि स्कूटी के पास खड़े दो लोग पेड़ के टूटने की आवाज सुनकर तुरंत वहां से हट गए।
उत्तरकाशी में दिन भर चटक धूप खिलने के बाद शाम को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। तापमान में गिरावट आने से लोगों को तपिश से कुछ राहत मिली है। लेकिन आंधी तूफान के कारण जगह-जगह विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से जिला मुख्यालय समेत कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही।
आंधी से बड़कोट नगर के वार्ड-6 क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के पास एक पेड़ गिर गया। हालांकि घटना में किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। उधर, बीते दो दिनों से हो रही बारिश से जंगलों में आग लगने का खतरा भी कुछ कम हुआ है।