घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लाॅक के घुत्तू बाजार में आयोजित जन चौपाल में स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों, बदहाल स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो पाया है। पिछले चुनाव के दौरान क्षेत्र के चहुंमुखी विकास का वादा किया गया था लेकिन इन पांच सालों में समस्याएं जस की तस है। वक्ताओं ने कहा कि आमजन को घनसाली विधायक से पांच साल का हिसाब मांगना चाहिए।
भिलंग क्षेत्र में आयोजित चौपाल में वक्ताओं ने कहा कि घुत्तू-घनसाली मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाल है। सड़क की दशा सुधारने के लिए लगातार मांग करने पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कंडारगांव स्कूल बदहाल बना है। देवंज, महरगांव और ग्राम पंचायत लोम सहित कई गांव सड़क के लिए तरस रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों ने भिलंग क्षेत्र की सड़कों, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने की मांग की। चौपाल में क्षेत्र पंचायत सदस्य नित्यानंद कोठियाल, प्रधान अक्षित रावत, सागर भट्ट, सुरजीत चौहान, समन धनाई, सुमित राणा, दीपक पैन्यूली, सूर्य सेमवाल, जयपाल, प्रदीप पल्लू, कपिल, सुरजीत गुसाईं मौजूद थे।