बांध विस्थापितों और प्रभावित का फ्री बिजली-पानी को लेकर धरना जारी
नई टिहरी। टिहरी बांध विस्थापितों और प्रभावितों का निशुल्क बिजली-पानी की मांग के लिए धरना 19वें दिन भी जारी है। मामले में सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर आंदोलनकारियों ने सवाल उठाए है।
बौराड़ी गणेश चौक में बांध विस्थापित और प्रभावितों के धरने की अगुवाई कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सागर भंडारी और अजय पंवार ने कहा कि टिहरी जिले की पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक हैं लेकिन दुर्भाग्य है कि सत्ता पक्ष के किसी भी विधायक को बांध विस्थापित और प्रभावितों की समस्या नहीं दिखाई दे रही हैं।
किसी भी विधायक ने विधानसभा सत्र में विस्थापित और प्रभावितों को निशुल्क बिजली-पानी दिए जाने का मुद्दा नहीं उठाया। टिहरी बांध से प्रदेश को प्रतिमाह 12 प्रतिशत रॉयल्टी मिलती है लेकिन यहां की जनता को इससे कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। सता पक्ष के जनप्रतिनिधियों को मामले में अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए।
इस मौके पर त्रिलोक चंद रमोला, दिनेश भट्ट, वीर सिंह पंवार, भरत सिंह नेगी, मिश्रा राणा, कांता गौड़, पार्वती रावत, एकादशी देवी, भारती चमोली, शारदा देवी, दीपा, सरोजनी देवी, उर्मिला राणा आदि मौजूद थे।