नई टिहरी। बौराड़ी बस अड्डे में पुनर्वास विभाग की ओर से आवंटित जगहों पर खोखे तोड़े जाने का खोखा धारकों ने विरोध किया है। उन्होंने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में प्रभावित सभी खोखा धारकों को क्षतिपूर्ति और उसी स्थान पर पक्की दुकानें देने की मांग उठाई है।
बौराड़ी बस अड्डे का इन दिनों एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के वित्तीय सहयोग से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। बस अड्डे में 32 खोखा धारकों को पूर्व में पुनर्वास विभाग ने जगह उपलब्ध करवाई थी। कार्य के चलते गत 5 अगस्त को एडीबी और पर्यटन विभाग की टीम ने जेसीबी से 10 खोखो को तोड़ दिया था।
शुक्रवार को कांग्रेस शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार के नेतृत्व में खोखा धारक डीएम से मिले। उन्होंने कहा कि वह विगत 35 सालों से नई टिहरी शहर में कच्ची दुकानों के सहारे रोजगार कर अपने परिवार की आजीविका चला रहे हैं। बिना नोटिस के एडीबी और पर्यटन विभाग ने कई लोगों के खोखे तोड़ दिए जिससे उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने डीएम से पुनर्वास विभाग की ओर से आवंटित जगहों पर ही सभी को पक्की दुकानें बनाकर जल्द देने की मांग की है। डीएम ने सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिया है। इस मौके पर बुद्धिपाल परमार, नित्यानंद बहुगुणा, राकेश नेगी, गीता सजवाण, सोमवारी लाल, प्रवीन भट्ट आदि शामिल थे।