गैरसैण में डेढ़ लाइन सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों पर लाठीचार्ज करने के विरोध में कांग्रेसियों ने कड़ा रोष जताया है। उन्होंने यहां चौराहे पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। आम आदमी पार्टी ने भी लाठीचार्ज की निंदा की है।
मंगलवार को प्रदेश सरकार का पुतला फूंका गया। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस ने सरकार के इशारे पर निर्दोष ग्रामीणों और महिलाओं पर लाठीचार्ज किया है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल ने कहा कि बजट सत्र के दौरान ग्रामीण मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी मांगे मानने के बजाए ग्रामीणों पर लाठियां बरसा दी। पुतला दहन करने वालों में पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला, कुलदीप पंवार, दर्शनी रावत, ममता उनियाल, आशा रावत, अनीता शाह, धनीराम नौटियाल, कौशल्या पांडे शामिल थे।
लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने लंबगांव में भी प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर सौरव रावत, बृजमोहन कंडियाल, ज्ञान सिंह बिष्ट, राहुल गैरोला, दिनेश रावत, प्रवीन पंवार, सुशीला,देवकी,जसवीर और अनूप रांगड़ आदि शामिल थे।
वहीं आप के प्रदेश प्रवक्ता औतार सिंह राणा ने कहा कि अपनी मांग के लिए आंदोलन करना संवैधानिक अधिकार है, लेकिन हर मोर्चे पर नाकाम भाजपा सरकार हर आंदोलन को कुचलना चाहती है।
लाठीचार्ज की घटना की किसान सभा ने की निंदा
नई टिहरी। नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर गैरसैंण विधानसभा कूच करने जा रहे ग्रामीणों और व्यापारियों पर लाठीचार्ज करने की घटना की अखिल भारतीय किसान सभा ने कड़ी निंदा की है।
किसान सभा के जिला सचिव भगवान सिंह राणा ने कहा कि ग्रामीण तीन से सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर धरना पर बैठे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांग को गंभीरता से नहीं ले रही है। जिसके चलते उन्हें विधानसभा कूच करने का निर्णय लेना पड़ा, लेकिन सरकार की शह पर पुलिस ने लाठीचार्ज का निंदनीय घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने सरकार से सड़क का चौड़ीकरण कर घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। संवाद
कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री से की इस्तीफे की मांग
उत्तरकाशी/पुरोला। गैरसैंण में ग्रामीणों पर लाठीचार्ज की घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय और पुरोला में विरोध प्रदर्शन कर सीएम त्रिवेंद्र रावत का पुतला फूंका।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार आम जनता के प्रति दमनकारी नीति अपना रही है। अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को पुलिस बल का प्रयोग कर दबाया जा रहा है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगमोहन रावत, मीना नौटियाल, भूपेश कुड़ियाल, विजेंद्र नौटियाल, कमलेश्वरी भंडारी, जगन्नाथ प्रसाद भट्ट, बचनलाल घलवान, शीशपाल पोखरियाल, प्रताप प्रकाश पंवार, यशपाल सजवाण आदि मौजूद रहे।
उधर, पुरोला में भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला फूंका। गैरसैंण में ग्रामीणों पर लाठीचार्ज की घटना की भर्त्सना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। आम जनता विकास कार्यों के लिए तरस रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजपाल रावत, किशन सिंह, दिनेश उनियाल, दिनेश खत्री, रेखा नौटियाल जोशी, प्रकाश डबराल, भरत लाल, बिहारीलाल शाह आदि मौजूद रहे। संवाद