फिफल्टी और पलाम ग्राम पंचायत देगी आठ सौ नाली जमीन
नई टिहरी। नरेंद्रनगर विधानसभा में फिफल्टी क्षेत्र के ग्रामीणों ने सीएम को भेजे ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज फिफल्टी में ही खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत फिफल्टी और पलाम में सिविल साेयम की करीब आठ सौ नाली जमीन मेडिकल कॉलेज के लिए देने का प्रस्ताव भी दे दिया गया है। मखलोगी पट्टी, धारअकरिया, क्वीली, कुंजणी, पालकोट और पौड़ीखाल क्षेत्र के लोगों ने मेडिकल कॉलेज के लिए फिफल्टी का प्रस्ताव पारित किया है।
मेडिकल कॉलेज के लिए नरेंद्रनगर विधानसभा के फिफल्टी में जमीन का चयन करने पर क्षेत्र के लोगों ने कॉलेज फिफल्टी में ही खोलने का प्रस्ताव पारित कर सीएम को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा कि 24 जुलाई को उत्तराखंड शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं शिक्षा अनुभाग के द्वारा मेडिकल कॉलेज के लिए टिहरी जिले के फिफल्टी, पलाम और भासौं में जगह का चयन किया गया है।
चिकित्सा शिक्षा अनुभाग को फिफल्टी में कॉलेज खोलने की कार्यवाही शुरू करनी चाहिए। क्षेत्र के लोगों ने कॉलेज के लिए सर्वसम्मत से फिफल्टी का प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज बनाने के लिए नैचोली ग्राम पंचायत ने मेडिकल कॉलेज के लिए गांव की सिविल सोयम की छह सौ नाली जमीन देने और पलाम के प्रधान ने भी मेडिकल कॉलेज के लिए गांव में सिविल सोेयम की दो सौ नाली जमीन देने का प्रस्ताव दे दिया है।
उन्होंने क्षेत्र के दर्जनों गांव के प्रधानों का समर्थन पत्र भेजकर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताया है। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, गजा नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल, ताजवीर खाती, प्रधान धन सिंह सजवाण, डीपी उनियाल, मुकेश बिजल्वाण, ईश्वरी प्रसाद, रमेश बेलवाल, दिलवर सिंह मखलोगा, भूपेंद्र धनोला, विक्रम सिंह रावत और सरोजनी मखलोगा आदि शामिल थे।