टिहरी के काणाताल में बर्फबारी का आनंद लेते पर्यटक।
- फोटो : NEW TEHRI
बर्फबारी और बारिश से जिले के सभी क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। बारिश और बर्फ से चंबा-धनोल्टी मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। धनोल्टी, काणाताल, कद्दूखाल, सेम मुखेम, प्रतापनगर, गंगी गांव में भी जमकर बर्फबारी हुई है। बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक धनोल्टी पहुंचे। वहीं बर्फबारी के कारण धनोल्टी क्षेत्र में सुबह से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है।
टिहरी जिले के धनोल्टी, काणाताल, कद्दूखाल और सुरकंडा क्षेत्र में बीते दिन से बर्फबारी का सिलसिला जारी है। धनोल्टी में अभी तक तीन फीट तक बर्फ जम चुकी है। देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, दिल्ली से पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए धनोल्टी पहुंच रहे हैं, लेकिन बर्फ के कारण काणाताल से आगे धनोल्टी मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया। हालांकि रोड से बर्फ हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई है, लेकिन लगातार बर्फ गिरने के कारण सड़क खुलने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं धनोल्टी आलू फार्म, इको पार्क पहुंचकर सैलानियों ने बर्फ की होली खेली। पर्यटक एक दूसरे के ऊपर बर्फ फेंकते नजर आए। जगह-जगह बिजली लाइन टूटने के कारण धनोल्टी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है।
धनोल्टी, काणाताल, चोपड़ियाल गांव और जड़ीपानी में भारी मात्रा में बर्फबारी हुई, जिस कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सेम मुखेम, प्रतापनगर, चोरंगीखाल की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। भिलंगना ब्लॉक के गंगी, पिन्सवाड़, मेढ, गेंवाली गांव में भी जमकर बर्फबारी हुई है। नई टिहरी में 24.8 एमएम बारिश रिकार्ड दर्ज की गई है। बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में करीब डेढ़ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को नई टिहरी का अधिकतम तापमान 6 और न्यूनतम तापमान -1.4 डिग्री था। रविवार को अधिकतम तापमान 4.5 और न्यूनतम तापमान -1.3 डिग्री दर्ज किया गया। रानीचौरी मौसम विज्ञान केंद्र के तकनीकी अधिकारी प्रकाश नेगी ने बताया कि बारिश और बर्फबारी गेहूं की खेती और फलदार पेड़ों के लिए लाभकारी साबित होगी।