हरिद्वार कुंभ में अपने परिजनों से बिछड़े किशोर को टिहरी पुलिस ने उसके परिजनों के सुपुर्द किया है। करीब डेढ़ महीने बाद बच्चे पाकर परिजन खुशी से झूम उठे।
पुलिस ने बताया कि सोमवार 17 मई को कीर्तिनगर थाने में तैनात एचपीयू कर्मी राजीव भट्ट और होमगार्ड राकेश गश्त कर रहे थे। इस दौरान ढूंढ प्रयाग महादेव मंदिर के सामने उन्हें एक बच्चा घूमता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ करने पर किशोर ने बताया कि वह हरिद्वार कुंभ मेले में अपने परिजनों से बिछड़ गया था। वहां से किसी बाबा के साथ पैदल चलकर यहां कीर्तिनगर पहुंचा है। अब बाबा उसे छोड़कर कहीं चला गया है। पुलिस ने किशोर के बताए पते पर हरियाणा पुलिस के माध्यम से बच्चे के पिता जितेंद्र कुमार निवासी यमुनानगर हरियाणा से संपर्क किया। जितेंद्र ने बताया कि उनका 12 वर्षीय बेटा अरुण करीब डेढ़ माह पहले हरिद्वार कुंभ मेले में बिछड़ गया था। काफी तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। बच्चा मिलने पर राहत की सांस लेते हुए परिजनों ने अपनी मुफलिसी का हवाला दिया, तो एसएसपी तृप्ति भट्ट के निर्देश पर कांस्टेबल प्रवेश पालीवाल बच्चे को लेकर 18 मई को यमुनानगर पहुंचा। वहां बच्चे को परिजनों के सुपुर्द करने पर उसके माता-पिता भावुक होकर अपने आंसू नहीं रोक पाए। बच्चे को गले लगाते हुए माता-पिता ने टिहरी पुलिस का आभार जताया है।