घनसाली पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 16 लाख रुपये की 160 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है। गांवों में की जा रही शराब तस्करी में घनसाली ठेके के कर्मचारियों की मिली भगत सामने आई है।
बुधवार को एसएसपी तृप्ति भट्ट ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मंगलवार 15 जून को गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा करते हुए लाटा रोड इंटर कालेज के पास वाहन रुकवाया, तो वाहन में सवार चालक सहित तीन लोग कूदकर भाग गए। एसएसपी ने बताया कि पिकअप वाहन की चेकिंग की गई, तो उसमें 160 पेटी शराब बरामद की गई। वाहन में राकेश सिंह निवासी ग्राम सौड़ उप्पू थाना नई टिहरी का ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल फोन मिला। वाहन को घनसाली थाने में सीलकर आरोपी राकेश और अन्य अज्ञात के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस चालक और अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। एसएसपी ने कहा कि अवैध शराब तस्करी में घनसाली ठेका कर्मियों की मिली भगत है। इसकी जांच कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में घनसाली थाने के एसआई करम सिंह, राजवर्द्धन और अमित राठौर आदि शामिल थे।