पति की हत्या आरोपी महिला को रविवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम म्यूंडा में 24 दिसंबर को पति जबर सिंह और पत्नी जोत्रा देवी के बीच झगड़ा होने पर पत्नी ने पति के सिर पर दरांती से वार कर दिया था, जिससे जबर सिंह की मौत हो गई थी। उनका घर गांव से दूर होने पर किसी को घटना का पता नहीं चल पाया। अगले दिन मृतक के भाई की ओर से दी गई सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का लहूलुहान शव कमरे से बरामद किया था।
पुलिस ने शनिवार को आरोपी महिला को हिरासत में लेकर रविवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पाठक की अदालत में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी महिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कोतवाल विजय चंद्र गुसाईं का कहना है कि मृतक के समधी से हुई पूछताछ में प्रथम दृष्ट्या घटना में उसकी संलिप्तता प्रतीत नहीं हो रही है। बहरहाल उससे पूछताछ जारी है। आरोपी महिला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस बीच हत्याकांड के बाद फरार हुआ मृतक का समधी नंदू रविवार को खुद पुलिस थाने पहुंच गया। पूछताछ में उसने कहा कि घटना से उसका कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस को अंदेशा था कि नंदू के आने पर हत्या का राज खुल सकता है, लेकिन अब कांड की गुत्थी और उलझ गई है।