दिनेश सिंह रावत साहसिक खेल अकादमी कोटी कॉलोनी में 10 दिवसीय एडवेंचर फाउंडेशन का प्रशिक्षण शुरू हुआ। विधायक डा. धन सिंह नेगी ने प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। साहसिक खेल विभाग 30 युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देकर साहसिक खेलों के लिए तैयार करेंगे। विधायक ने 16 फरवरी से प्रस्तावित दो दिवसीय टिहरी महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया।
सोमवार को विधायक नेगी ने प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए कहा कि साहसिक खेलों में रोजगार की अपार संभावनाएं है। सरकार प्रत्येक वर्ष युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है। ऐसे में युवा प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं। जिला साहसिक खेल अधिकारी सोबत सिंह राणा ने कहा कि एडवेंचर फाउंडेशन में युवाओं को रॉक क्लाइमिंग, रेफलिंग, जुमारिंग, रिवर क्रासिंग, ट्रैकिंग आदि की जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, पूर्व प्रमुख बेबी असवाल, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश यादव, प्रशिक्षक पीतांबर चंदोला, प्रवीण रावत, रविंद्र सेमवाल, महाजन पंवार, प्रवीन नेगी, विपिन, अंकित, प्रवीण रावत, जितेंद्र आदि मौजूद थे। दूसरी ओर, विधायक ने टिहरी झील महोत्सव की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।