नई टिहरी। न्यू टिहरी प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह में ईको फ्रेंडली दिवाली मनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने कहा कि दीपावली का त्योहार हमें बुराइयों से लड़ने और अच्छाई के मार्ग पर चलने की शिक्षा देता है। उन्होंने कहा कि किसी भी त्योहार को हमें शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाकर समाज को सही संदेश देना चाहिए। उन्होंने 2015-16 में शराब नहीं संस्कार की मुहिम शुरू की थी, आज इसमें दर्जनों गांव जुड़ गए हैं। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल, उपाध्यक्ष अव्वलचंद रमोला, महामंत्री विजय गुसाईं, कोषाध्यक्ष धनपाल गुनसोला आदि मौजूद रहे। संवाद
लंबगांव में जनगणना प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू
लंबगांव(टिहरी)। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत राजकीय महाविद्यालय लंबगांव में जनगणना प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हो गई है। कार्यशाला में जनगणना प्रशिक्षक बलबीर सिंह चौहान और रसपाल शर्मा ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने कहा कि जनगणना के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारियां एकत्रित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य धनराज काेहली , नीरज पैन्यूली, विजयपाल सिंह रावत, लक्ष्मी भट्ट, गीता देवी, शिव कुमार और धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद थे। संवाद