टेलीमेडिसिन सेवा को बेहतर बनाने के लिए डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने प्रत्येक प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को टेलीमेडिसिन सेवा से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनमानस तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचना हमेशा ही चुनौती बनी रहती है। ऐसे में टेलीमेडिसिन सेवा बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। उन्होंने टेलीमेडिसिन सेवा पर एक वर्ष में आने वाले संभावित व्यय और सफल क्रियान्वयन के लिए एक सप्ताह के अंतर्गत कार्ययोजना उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को व्यर्थ की दौड़भाग से निजात मिलेगी और अनावश्यक धन भी खर्च नहीं होगा। बैठक में एसीएमओ डा. दीपा रूबाली, डा. मनोज कुमार वर्मा, सीएमएस डा. अमित राय, डीडीएमओ बृजेश भट्ट और ऋषभ उनियाल उपस्थित रहे।