मंजकोट इंटर कालेज में आयोजित शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक हंगामेदार रही। अभिभावकों ने कहा कि इंटर कालेज तो बना दिया, लेकिन महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं भेजकर शिक्षा विभाग छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नए शिक्षा सत्र अगस्त तक रिक्त चार विषयों के प्रवक्ता नहीं भेजे गए, तो कालेज में तालाबंदी कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
थौलधार ब्लॉक में नगुण पट्टी के जीआईसी मंजकोट में शनिवार को पीटीए की बैठक हुई, जिसमें अभिभावकों ने कहा कि कालेज को वर्ष 2013 में उच्चीकृत किया गया, लेकिन विज्ञान, अंग्रेजी, जीव विज्ञान और गणित के शिक्षक नहीं भेजे गए।
अभिभावकों ने कहा कि इंटर कालेज पूर्व में बने जूनियर हाईस्कूल के भवन पर ही संचालित किया जा रहा है। कई बार शिक्षकों की नियुक्ति करने और इंटर कालेज का भवन बनाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन शिक्षा विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे 250 छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में पीटीए का भी गठन किया गया, जिसमें राकेश बयाड़ा को अध्यक्ष, प्रधानाचार्य राधाकृष्ण कोठारी पदेन उपाध्यक्ष, पुलम सिंह बयाड़ा सचिव, जीतमणी नौटियाल कोषाध्यक्ष और जोना देवी, चंदन सिंह रांगड़, राम प्रसाद सेमवाल को सदस्य बनाया गया है।