शनिवार दोपहर 12 बजे तक उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम नई टिहरी कार्यालय में किसी भी अधिकारी और कर्मचारी के उपस्थित नहीं होने पर एसडीएम बृजेश तिवारी ने कार्यालय सील कर दिया।
डीएम ज्योति नीरज खैरवाल ने मामले में पेयजल निर्माण निगम के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का जवाब-तलब करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
कोश्यारताल पंपिंग योजना की समस्या को लेकर जाखणीधार की ब्लॉक प्रमुख बेबी असवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पेयजल निर्माण निगम कार्यालय में गया हुआ था, लेकिन कार्यालय में दोपहर 12 बजे तक ताला लटका हुआ था। जनप्रतिनिधियों ने इसकी शिकायत फोन पर डीएम खैरवाल से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसडीएम सदर को तत्काल मौके पर जाकर निरीक्षण करने को कहा।
एसडीएम तिवारी वहां पहुंचे, तो कार्यालय में कोई भी नहीं मिला। उन्होंने कार्यालय को सील कर दिया। डीएम ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का जवाब-तलब किया है। कार्यालय बंद होने के संबंध में पेयजल निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता आरके जैन से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। प्रतिनिधिमंडल में धन सिंह नेगी, रतन सिंह पंवार, अजयपाल नेगी, हरि पुंडीर आदि शामिल थे।