घनसाली में मंत्री के पुतले की शव यात्रा निकालकर किया प्रदर्शन
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों की लचर स्वास्थ्य सेवाओं, प्रसव के बाद दो महिलाओं की मौत होने से लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार को घनसाली बाजार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के पुतले की शव यात्रा निकाल कर प्रदर्शन किया।
सर्वदलीय स्वास्थ्य संघर्ष समिति के संयोजक पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष जसवीर सिंह नेगी व लक्ष्मी प्रसाद जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के पुतले की शव यात्रा निकाली। प्रसव के बाद मृतक महिलाओं के परिजनों को न्याय देने के लिए उच्च स्तरीय जांच कराने, मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख मुआवजा देने, परिवार के एक-एक सदस्य को रोजगार देने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और संयुक्त अस्पताल बेलेश्वर को उप जिला अस्पताल बनाने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र के अधिकांश सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के पद रिक्त चल रहे है। लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के उपचार के लिए श्रीनगर, ऋषिकेश व देहरादून जाना पड़ रहा है। जल्द ही उक्त मांगों का समाधान न करने पर उन्होंने आंदोलन की धार और अधिक तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों में ज्येष्ठ प्रमुख प्यार सिंह बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला, आशा रावत, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल, कुंवर सिंह रावत, दिनेश लाल, भरत सिंह राणा मौजूद रहे।