प्रचार-प्रसार की कमी और पेंशनरों में जागरूकता के अभाव में 31 मार्च तक आधार एवं सीबीएस खाता नंबर जमा न करने वाले 18 हजार 558 पेंशनरों की पेंशन पर खतरा मंडरा गया है। समाज कल्याण निदेशालय ने आधार लिंक नहीं करवाने वाले पेंशनरों का बजट रोक दिया है।
समाज कल्याण विभाग के जिलेभर में वृद्ध 47 हजार 455, विधवा 13 हजार 805 और दिव्यांग 7025 पेंशनर हैं। सरकार ने पेशनरों को जल्द पेंशन उपलब्ध करवाने के लिए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था की है। इसके लिए सभी पेंशनरों के सीबीएस बैंक में खाते और आधार कार्ड जरूरी हैं।
निदेशालय के डेटलाइन के अनुसार 31 मार्च तक सभी खाते आधार से लिंक करवाकर ऑनलाइन होने चाहिए थे, लेकिन डेटलाइन गुजरने के बाद भी जिले में केवल 74 फीसदी पेंशन ही ऑनलाइन हो पाई है। अभी तक 68 हजार 285 में से केवल 49 हजार 727 खाते ही लिंक हो सके हैं।
निदेशालय ने ऑनलाइन नहीं होने वाले खातों की पेंशन के लिए 31 मार्च के बाद बजट देने से साफ इनकार कर दिया है। यदि निदेशालय ने जल्द रुके हुए पेंशनरों के ऑनलाइन करने की तिथि नहीं बढ़ाई, तो 18 हजार 558 पेंशनरों की पेंशन बंद हो सकती है।
लंबे समय से आधार एवं सीबीएस बैंक का खाता नंबर जमा करवाने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। बावजूद अभी 18 हजार 18 हजार 558 पेंशनरों ने आधार लिंक नहीं करवाया है, जिससे निदेशालय ने इन पेंशनों के लिए बजट देना बंद कर दिया है।
-अभिनाश सिंह भदौरिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी।