नई टिहरी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी डोबल्यों की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। राइंका रगड़गांव की टीम दूसरे और इंटर कॉलेज चंबा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के समापन पर एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। एडीएम नेगी ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है।
कार्यक्रम संयोजक एवं डायट के प्रभारी प्राचार्य दीपक रतूड़ी ने अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, मार्गदर्शक शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार जताया। इस अवसर पर डॉ. सुशील राणा, देवानंद देवली, जिला समन्वयक जितेंद्र बिष्ट, मनमोहन भट्ट, दयासागर उनियाल, संजेश रतूड़ी, प्रियंका भंडारी, डॉ. वीर सिंह रावत आदि मौजूद रहे। संवाद