नई टिहरी। हरिद्वार जिले के बहादराबाद में सुमन नगर के टिहरी बांध विस्थापितों ने ट्यूबवेल 19 एच के लिए आरक्षित जमीन आवंटित करने पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने डीएम व पुनर्वास निदेशक को दिए ज्ञापन में कहा कि प्लॉट परिवर्तन के एवज में ट्यूबवेल की जमीन आवंटन करने से ग्रामीणों के हित प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने आवंटन शीघ्र निरस्त करने की मांग की है।
बहादराबाद सुमन नगर से कलेक्ट्रेट पहुंचे टिहरी बांध विस्थापितों ने कहा कि पुनर्वास स्थल सुमन नगर में बसाए गए 12 गांव के लोगों की पेयजल और सिंचाई व्यवस्था के लिए सुमन नगर में रोड नंबर तीन व चार के बीच 19 एच ट्यूबवेल के लिए करीब एक हजार वर्ग मीटर जमीन आरक्षित रखी गई है जिसमें ट्यूबवेल के साथ पेयजल टैंक, विद्युत ट्रांसफार्मर, ऑपरेटर के लिए आवास, रसोई घर और शौचालय आदि बनाए गए हैं।
मिलीभगत से ट्यूबवेल की आरक्षित जमीन के दोनों छोर की जमीन आवंटित कर दी गई है। उसमें बाहर मुख्य सड़क की तरफ पथरी में आवंटित प्लॉट को परिवर्तन कर 200 वर्ग मीटर प्लॉट आवंटित कर दिया गया है। सुमन नगर निवासी किशोर सिंह रावत, शूरवीर सिंह, वीरबल सिंह और महेश कुमार ने बताया कि ट्यूबवेल की जमीन आवंटन करने से बाहर की तरफ सड़क किनारे से जा रहा नाला भी प्रभावित होगा। उन्होंने गलत तरीके से आवंटित भूखंड को निरस्त करने की मांग की है।
सुमन नगर में पहले ही इस तरह के कई आवंटन हो रखे हैं। एक बार उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया था। बावजूद फिर से मौके का निरीक्षण कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
- नितिका खंडेलवाल, डीएम व पुनर्वास निदेशक टिहरी।