कंडीसौंड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज नागराजधार नगुण के छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका मुख्य कारण स्कूल के रास्ते में बिछाई गई पाइपलाइन का ओपन होना है। जमीन के ऊपर पाइपलाइन बिछाने से रास्ते में फिसलने का भय बना हुआ है।
प्रधानाचार्य अनूप सिंह बगियाल का कहना कि जल निगम द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन को एक फुट जमीन में गहराई में दबा दिया जाए, तो यह समस्या हल हो सकती है। इससे न केवल रास्ता सुगम होगा, बल्कि छात्र-छात्राओं को गिरने से भी बचाया जा सकेगा। उन्होंने छात्रों की समस्या को देखते हुए पाइपलाइन को सुरक्षित बिछाने की मांग की है। इस बाबत जल निगम चंबा के अवर अभियंता राजवीर राणा ने कहा कि पाइपलाइन को जल्द ही जमीन के अंदर दबाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कहा कि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
अभिभावक बुद्धि लाल का कहना है कि स्कूल के रास्ते में लंबे समय से यह पाइपलाइन ओपन है, जिससे बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने जल निगम से मांग की कि इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाए। कहा कि पाइपलाइन को रास्ते में सही तरीके से दबा दिए जाने से स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।