घनसाली (टिहरी)। बैंक का ऐप डाउनलोड कराने के बहाने साइबर ठग ने एक खाताधारक से एक लाख पांच हजार ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में ठगी गई रकम वापस दिलाकर ठगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित किशन सिंह निवासी चमियाला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मोबाइल फोन पर एक कॉलर ने बताया कि वह पीएनबी हेल्पलाइन नंबर से बात कर रहे हैं। उन्होंने ऐप डाउनलोड करने को कहा लेकिन मेरे फोन पर ऐप डाउनलोड नहीं हुआ। इस पर कॉलर फोन अपडेट करने के लिए खाता संबंधी डिटेल के साथ नाम, एटीएम कार्ड नंबर और जन्मतिथि भरने को कहा।
ऐप में सभी जानकारी भरने के बाद उन्होंने कार्ड का सीवीवी नंबर मांगा उसके बाद मेरे खाते से अलग-अलग समय पर कुल एक लाख पांच हजार रुपये कट गए। इस बारे में पूछने के लिए उस नंबर पर फोन किया तो वह बंद हो गया। पीड़ित ने संबंधित के खिलाफ धोखाधड़ी कर ठगी करने की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद