कलाकारों ने किया वीर भड़ माधो सिंह भंडारी नृत्य नाटिका का मंचन
नई टिहरी। राज्य आंदोलन के प्रणेता स्व़ इंद्रमणि बडोनी की 100वीं जयंती पर उनके संघर्ष की गाथाओं के व्याख्यान के साथ लोक गीत और लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। स्थानीय कलाकारों ने वीर भड़ माधो सिंह भंडारी नृत्य नाटिका का मंचन किया।
इंद्रमणि बडोनी स्मृति कला मंच, अनुसुया देवी जन कल्याण समिति और नागरिक मंच नई टिहरी की स्व़ बडोनी की जयंती पर दो दिवसीय कार्यक्रम संपन्न हो गया। जिला मुख्यालय के बौराड़ी गणेश चौक में आयोजित कार्यक्रम के पहले सत्र का नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत तथा समापन सत्र का बडोनी स्मृति कला मंच के संयोजक डा. यूएस नेगी ने शुभारंभ किया।
श्री राम कृष्ण लीला समिति डाॅ. राकेश भूषण गोदियाल, इतिहासकार महीपाल सिंह नेगी, देवेंद्र नौडियाल ने स्व़ बडोनी के संघर्ष, आंदोलन के इतिहास और शहीदों के सपने के राज्य के पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1956 में गणतंत्र दिवस की परेड में दिल्ली में बडोनी के नेतृत्व में यहां के कलाकारों ने केदार नृत्य की झांकी का सुंदर प्रदर्शन किया था। विवेक मेमोरियल सुरगंगा संगीत विद्यालय के निदेशक डॉ. विकास फोंदणी ने सांस्कृतिक सत्र में स्व. बडोनी के जीवन पर जानकारी दी।
त्रिहरि नेगी और स्वास्तिका फोंदणी ने गढ़वाली नृत्य की प्रस्तुति दी। जसोदा नेगी, मनोज शाह सहित अन्य लोगों ने माधो सिंह भंडारी नाटिका की प्रस्तुति दी। प्राथमिक विद्यालय पिपली के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। इस मौके पर कमल सिंह महर, आनंदमणि पैन्यूली, डा. सुशील कोटनाला, अमित पंत, अनुसूया प्रसाद नौटियाल,राजेंद्र चौहान,चंडी प्रसाद डबराल, भगवान चंद रमोला, आमोद नौटियाल, सुषमा उनियाल, सीमा रावत आदि मौजूद थे।