नई टिहरी। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से जो भी प्रस्ताव आते हैं, विभागीय अधिकारी समय रहते उन योजनाओं का प्रस्ताव तैयार प्रस्तुत करें। लोनिवि को बैठक में प्राप्त सड़कों के प्रस्ताव पर 15 दिनों में कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में टिहरी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित और संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र में प्रस्तावित योजनाओं पर नीतिगत निर्णय लिए जाने जरूरी हैं। कहा कि क्षेत्र की सड़क, पेयजल योजनाएं और स्वास्थ्य को लेकर फिर से बैठक की जाएगी।
डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि योजनाओं पर कार्यवाही पूर्ण होने की टाइम लाइन बनाकर संबंधित जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की स्थिति से अवगत कराएं। डीएम ने लोनिवि से कहा कि बैठक में आए सड़कों के आवेदन पत्रों पर 15 दिनों के भीतर जबाव तैयार करें। उन्होंने जिला पंचायत के एएमए को अपने क्षेत्र की सभी सड़कों का निरीक्षण के दौरान सफाई नायकों के साथ बैठक कर दुकानों और फूड वैन के आसपास डस्टविन रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मुनेंद्र भट्ट ने कुट्ठा-हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज रोड का कार्य पूरा करने, जयेंद्र पंवार ने कुट्ठा-जाख-डोबरा मार्ग के तीन किमी क्षेत्र में डामरीकरण करने, जसपाल पंवार और वीर सिंह पंवार ने मंथल से अखोड़ीसैण सड़क बनाने और कोश्यार तहसील रोड का सुधारीकरण करने की मांग की।
प्रदीप भट्ट ने टिपरी-कांडीखाल सड़क का सुधारीकरण-डामरीकरण करने और भटकंडा-पिपोला लिंक मार्ग बनाने की मांग की। कैंथोली-नैखरी मोटर मार्ग, अंजनीसैण-कपरियाणीसैण, अंजनीसैण-मिंगवाली सड़क, कैंछु-कोटद्वारा सड़क, कोटी-बगासुधार सड़क बनाने की मांग भी उठाई गई। विधायक ने वन भूमि हस्तांतरण को लेकर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ डाॅ. अभिषेक त्रिपाठी, ब्लॉक प्रशासक शिवानी बिष्ट, डीडीओ मो. असलम, एसई लोनिवि मनोज बिष्ट, विनोद रतूड़ी और भाजपा जिला महामंत्री उदय रावत आदि मौजूद थे।