संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। राजकीय नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रधानाचार्य के खिलाफ धरना दिया। उन्होंने प्रधानाचार्य पर बगैर पूर्व सूचना के इंटर्नशिप के लिए दून अस्पताल भेजने के निर्णय को रद्द करने और विभिन्न मदों में शुल्क ज्यादा लेने का आरोप लगाया है। छात्रों ने अनावश्यक रूप से परेशान करने और कॉलेज की कैंटीन में खराब गुणवत्ता का भोजन देने की शिकायत की है।
सोमवार को बीएससी नर्सिंग कॉलेज सुरसिंगधार नई टिहरी की सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने देर शाम को कॉलेज परिसर में धरना दिया। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज की प्रधानाचार्य उनका उत्पीड़न कर रही है। इंटर्नशिप के लिए सोमवार को उन्हें देहरादून के दून अस्पताल जाना था, लेकिन रविवार शाम को अचानक से देहरादून जाने का कार्यक्रम रद्द करने का फरमान सुना दिया गया। उन्होंने बताया कि एसएनए शुल्क शुरू में ही जमा करने के बावजूद उनसे चार हजार रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। कैंटीन में खाने का शुल्क भी 1500 रूपये से 2200 कर दिया गया है। ड्रेस के नाम पर भी छह हजार रुपये लिए जा रहे हैं। बाजार में आसानी से 3 हजार रुपये तक ड्रेस मिल रही है।
दाखिले के समय प्रत्येक छात्र-छात्रा से 13,800 रुपये का शुल्क पहले ही लिया गया था। छात्रों का आरोप है कि कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता भी अक्सर खराब रहती है। शिकायत करने पर भी कोई सुधार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, आंदोलन जारी रहेगा। इस बाबत कॉलेज की प्रधानाचार्य सबिस्ता नाज ने कहा कि वह आरटीआई और नए मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के लिए श्रीनगर में हैं। कॉलेज में छात्रों की हड़ताल की सूचना मिलने पर उन्हें समस्या लिखित में देने को कहा गया है। तीन अगस्त को कॉलेज पहुंचकर उनसे बात की जाएगी। छात्र जो आरोप लगा रहे हैं वह सब निराधार हैं।