नई टिहरी। जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में बैंकों की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कम प्रगति वाले बैंक अधिकारियों को गति बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्य अंतिम तिमाही से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने जिले में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में खातों की संख्या करीब एक लाख घटने पर नाराजगी जताई। बैंक अधिकारियों को संबंधित खातों की विस्तृत जांच करने को कहा। गांवों में जाकर लाभार्थियों से संपर्क कर बीमा की किस्त जमा होने और खातों में कमी के कारणों की जानकारी जुटाकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना में उद्यान विभाग को सितंबर माह के अंत तक कम से कम 25 आवेदन बैंकों को उपलब्ध कराने, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना में अधिक आवेदन भेजने के निर्देश दिए। बैठक में लीड बैंक अधिकारी मनीष मिश्रा ने बताया कि जिले के टीयर-6 केंद्रों को बैंकिंग सुविधा से जोड़ने के लिए 146 बैंक शाखाओं, 239 डाक भुगतान बैंकों और 170 बैंकिंग प्रतिनिधि/ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से सेवाएं दी जा रही हैं। बैठक में एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक कैंतुरा, सुनील कुमार, एसएस राणा, अनंत पांडेय, आरके शर्मा आदि मौजूद रहे।